गौरकांपा से मोहतरा तक जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत, बारिश और दुर्गम रास्तों के बावजूद कांवड़ियों का उत्साह बरकरार; पांचवें दिन डोंगरिया के जलेश्वर महादेव में होगा जलाभिषेक

कबीरधाम/पंडरिया। माँ नर्मदा के पवित्र जल को लेकर अमरकंटक से भोरमदेव महादेव मंदिर तक निकली 151 किलोमीटर की कांवड़ पदयात्रा चौथे दिन भी आस्था, भक्ति, अनुशासन और जनसहभागिता के साथ आगे बढ़ती रही। पंडरिया विधायक भावना बोहरा के नेतृत्व में 600 से अधिक कांवड़ यात्री बोल बम और हर हर महादेव के जयघोष के साथ अपनी आध्यात्मिक यात्रा पूरी करने के संकल्प के साथ निरंतर आगे बढ़ रहे हैं।


चौथे दिन कांवड़ यात्रा का शुभारंभ गौरकांपा स्थित शनिदेव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना और दर्शन के साथ हुआ। भगवान शनिदेव की पूजा के बाद विधायक भावना बोहरा सहित सभी कांवड़ यात्रियों ने मोहतरा की ओर प्रस्थान किया। यात्रा के दौरान रास्ते में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और क्षेत्रवासी कांवड़ यात्रियों के स्वागत के लिए मौजूद रहे।

गौरकांपा से मोहतरा तक गूंजा हर-हर महादेव

कांवड़ यात्रा जैसे-जैसे आगे बढ़ी, पूरे मार्ग में भक्ति और उत्साह का वातावरण देखने को मिला। गौरकांपा, भरेवापारा, कलपी, समनापुर बांध, पुतकी, दलपुरवा, रमतला और मोहतरा सहित विभिन्न स्थानों पर भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, सामाजिक एवं हिंदू संगठनों तथा स्थानीय ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने कांवड़ यात्रियों का आत्मीय स्वागत किया.

 

कई स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर विधायक भावना बोहरा और कांवड़ यात्रियों का अभिनंदन किया गया। इस दौरान पूरा क्षेत्र “हर हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से गूंजता रहा। बारिश और वनांचल के कठिन रास्तों के बावजूद कांवड़ यात्रियों की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं दिखाई दी।

बारिश और दुर्गम रास्ते भी नहीं रोक सके शिवभक्तों के कदम

अमरकंटक से शुरू हुई इस कांवड़ यात्रा में शिवभक्त माँ नर्मदा का पवित्र जल लेकर जंगलों, पहाड़ी रास्तों और दुर्गम पगडंडियों से गुजर रहे हैं। यात्रा के दौरान कई जगह बारिश और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन कांवड़ यात्रियों का उत्साह लगातार बना हुआ है।

600 से अधिक श्रद्धालु विधायक भावना बोहरा के साथ कदम से कदम मिलाकर इस आध्यात्मिक यात्रा में सहभागी बने हुए हैं। यात्रा मार्ग में स्थानीय लोगों द्वारा किए जा रहे स्वागत से भी कांवड़ यात्रियों का उत्साह बढ़ रहा है।

“यह केवल धार्मिक पदयात्रा नहीं, आस्था और संस्कृति का आध्यात्मिक अभियान है” – भावना बोहरा

इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि यह यात्रा केवल एक धार्मिक पदयात्रा नहीं है, बल्कि आस्था, संस्कार, संस्कृति, पर्यावरण और प्रदेश की सुख-शांति के संकल्प का आध्यात्मिक अभियान है।

उन्होंने कहा कि संकल्प है कि छत्तीसगढ़ के प्रत्येक परिवार में सुख-समृद्धि और खुशहाली का वास हो, प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करे और आने वाली पीढ़ियां अपनी संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और आस्था की जड़ों से जुड़ी रहें।

विधायक ने कहा कि माँ नर्मदा और भगवान भोलेनाथ के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का यह एक विनम्र प्रयास है। यात्रा में सैकड़ों कांवड़ यात्रियों और शिवभक्तों का साथ इस संकल्प को और अधिक शक्ति प्रदान कर रहा है।

उन्होंने यात्रा मार्ग में सामाजिक एवं हिंदू संगठनों, भाजपा पदाधिकारियों-कार्यकर्ताओं तथा आमजन द्वारा किए जा रहे आत्मीय स्वागत के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लोगों का स्नेह और श्रद्धा इस यात्रा के प्रति उनके विश्वास को दर्शाता है।

पांचवें दिन जलेश्वर महादेव में होगा जलाभिषेक

विधायक भावना बोहरा ने बताया कि कांवड़ यात्रा का पांचवां दिन भी महत्वपूर्ण पड़ाव होगा। यात्रा ग्राम डोंगरिया स्थित जलेश्वर महादेव पहुंचेगी, जहां माँ नर्मदा के पवित्र जल से भगवान जलेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया जाएगा।

इस दौरान छत्तीसगढ़ और प्रदेशवासियों की सुख-शांति, खुशहाली एवं समृद्धि के लिए प्रार्थना की जाएगी। इसके बाद कांवड़ यात्रा अपने अंतिम पड़ाव भोरमदेव महादेव मंदिर की ओर आगे बढ़ेगी।

भोरमदेव में होगा 151 किलोमीटर की यात्रा का समापन

अमरकंटक के माँ नर्मदा मंदिर से शुरू हुई यह 151 किलोमीटर की आध्यात्मिक यात्रा भोरमदेव महादेव मंदिर पहुंचकर अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंचेगी। यहां भगवान भोरमदेव का जलाभिषेक कर यात्रा का विधिवत समापन किया जाएगा।

यात्रा के दौरान माँ नर्मदा के पवित्र जल को लेकर जंगलों, पहाड़ों और दुर्गम रास्तों से गुजरते कांवड़ यात्रियों की तस्वीरें और भक्ति के जयघोष पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक वातावरण बना रहे हैं।

जनसहभागिता से बना आस्था का जीवंत उत्सव

यह कांवड़ यात्रा अब केवल एक धार्मिक पदयात्रा तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि मार्ग में मिल रहे जनसमर्थन और स्वागत के कारण यह आस्था, भक्ति, संस्कृति और जनसहभागिता का जीवंत उत्सव बनती जा रही है।

हर कदम के साथ गूंजता “बोल बम” और “हर हर महादेव” का जयघोष कांवड़ यात्रियों को कठिन परिस्थितियों में भी आगे बढ़ने की ऊर्जा दे रहा है। विधायक भावना बोहरा ने यात्रा में सहभागी सभी कांवड़ यात्रियों, सामाजिक एवं हिंदू संगठनों, विभिन्न ग्रामों के क्षेत्रवासियों तथा भाजपा के सभी मोर्चों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

 

About The Author

You may have missed

error: Content is protected !!