वनांचल ग्राम भैंसाओदार में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर भव्य आयोजन, सैकड़ों लोगों ने किया सामूहिक योग,विधायक भावना बोहरा बोलीं – योग केवल भारत की सांस्कृतिक धरोहर नहीं, विश्व मानवता के स्वास्थ्य और कल्याण का प्रभावी माध्यम…
अबूझमाड़ मल्लखंब टीम की रोमांचक प्रस्तुति ने बांधा समां, स्वस्थ भारत के निर्माण का दिया संदेश
कुकदूर/पंडरिया। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के वनांचल ग्राम भैंसाओदार (तहसील कुई-कुकदूर) में शनिवार को विधायक भावना बोहरा के नेतृत्व में “स्वस्थ आयु के लिए योग” विषय पर भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्राकृतिक वातावरण के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में वनांचल क्षेत्र सहित विधानसभा के विभिन्न गांवों से पहुंचे सैकड़ों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया और स्वस्थ एवं निरोग जीवन के लिए योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना तथा स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना रहा। योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में उपस्थित लोगों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। इस दौरान पूरे आयोजन स्थल पर स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला।

अबूझमाड़ मल्लखंब टीम ने बिखेरा हुनर का जादू
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण इंडिया गॉट टैलेंट विजेता अबूझमाड़ मल्लखंब टीम की शानदार प्रस्तुति रही। बस्तर के सुदूर वनांचल क्षेत्र से निकलकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी पहचान बना चुकी टीम ने मल्लखंब योग के अद्भुत करतब प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। खिलाड़ियों के संतुलन, साहस और शारीरिक दक्षता ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।


प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों से योग को मिली वैश्विक पहचान
इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि योग भारत की प्राचीन ऋषि परंपरा और सांस्कृतिक विरासत की अमूल्य धरोहर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अथक प्रयासों और दूरदर्शी नेतृत्व के कारण आज योग को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है। वर्ष 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा भारत के प्रस्ताव को अभूतपूर्व समर्थन मिलने के बाद प्रत्येक वर्ष 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाया जाता है।

उन्होंने कहा कि आज योग केवल भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि विश्व मानवता के स्वास्थ्य और कल्याण का प्रभावी माध्यम बन चुका है। दुनिया के करोड़ों लोग योग को अपनी दिनचर्या में शामिल कर स्वस्थ जीवनशैली अपना रहे हैं।
योग है स्वस्थ शरीर और संतुलित जीवन का आधार
विधायक बोहरा ने कहा कि वर्तमान भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग तनाव मुक्ति, मानसिक शांति, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने तथा शारीरिक और आध्यात्मिक संतुलन स्थापित करने का सबसे प्रभावी माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति का शरीर स्वस्थ, मन शांत और जीवन सकारात्मक बनता है।
उन्होंने क्षेत्र के युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और सभी वर्गों के लोगों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि सामूहिक योगाभ्यास सामाजिक एकता, अनुशासन और स्वास्थ्य जागरूकता को भी मजबूत करता है। स्वस्थ समाज और स्वस्थ भारत के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है।
स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर भी दिया जोर
अपने संबोधन में विधायक भावना बोहरा ने पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निःशुल्क मोबाइल हेल्थ पैथ लैब के माध्यम से गांव-गांव पहुंचकर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। इस पहल के तहत 20 से अधिक प्रकार की जांचें पूरी तरह निःशुल्क की जा रही हैं, जिसका लाभ अब तक लगभग 13 हजार लोग प्राप्त कर चुके हैं।

उन्होंने बताया कि आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए विधानसभा क्षेत्र में 8 निःशुल्क एम्बुलेंस सेवाएं चौबीसों घंटे संचालित की जा रही हैं, जिनके माध्यम से लगभग 32 हजार लोगों को त्वरित स्वास्थ्य सहायता और उपचार सुविधा प्राप्त हुई है।
स्वस्थ एवं समृद्ध पंडरिया के निर्माण का संकल्प
विधायक बोहरा ने कहा कि पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक तक स्वास्थ्य सेवाएं और आवश्यक सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी क्षेत्रवासियों, आदिवासी भाई-बहनों, जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


