रणवीरपुर में विकास की सौगात : विधायक भावना बोहरा ने ₹65.64 लाख के विकास कार्यों का किया लोकार्पण एवं भूमिपूजन….
पंडरिया। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण विकास और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को लेकर लगातार कार्य किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने ग्राम रणवीरपुर में ₹65 लाख 64 हजार से अधिक लागत के विभिन्न विकास एवं अधोसंरचना निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

विधायक भावना बोहरा ने इस अवसर पर नव निर्मित महतारी सदन, शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला के उन्नयन कार्य, बूढ़ादेव मंदिर के सामने सामुदायिक भवन तथा माध्यमिक शाला में अतिरिक्त कक्ष निर्माण सहित कुल ₹51 लाख 14 हजार से अधिक लागत के कार्यों का लोकार्पण किया। वहीं ₹14 लाख 50 हजार की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन, अटल समरसता भवन एवं अटल डिजिटल सुविधा केंद्र निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक भावना बोहरा ने कहा कि प्रदेश सरकार गांव-गांव तक विकास पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। शिक्षा, सामाजिक सुविधाओं और डिजिटल संसाधनों को मजबूत करने के उद्देश्य से ये निर्माण कार्य किए जा रहे हैं, जिनका सीधा लाभ ग्रामीणों और विद्यार्थियों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ ग्रामीणों को सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए सुविधाजनक स्थान भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में नरेन्द्र मोदी एवं विष्णु देव साय के नेतृत्व में महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में लगातार ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। रणवीरपुर में महतारी सदन का लोकार्पण इसी सोच का परिणाम है। यह भवन महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता का केंद्र बनेगा, जहां महिलाएं सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा सकेंगी।

विधायक भावना बोहरा ने कहा कि महतारी सदन महिलाओं के लिए बैठक, प्रशिक्षण, स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों तथा सामाजिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनेगा। यहां महिलाओं को अपने कौशल को विकसित करने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं सशक्त होती हैं तो परिवार, समाज और राष्ट्र भी मजबूत होता है।
उन्होंने आगे कहा कि पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों के माध्यम से ऐसे स्थायी संसाधन तैयार किए जा रहे हैं जो आने वाले वर्षों तक क्षेत्र को नई दिशा देंगे। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पानी और महिला सशक्तिकरण जैसे विषय सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं तथा आने वाले समय में भी जनकल्याण और विकास के कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष नरेश साहू, जिला मंत्री राघवेंद्र वर्मा, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि राजेंद्र साहू, सरपंच श्रीमती बीसा नेताम, महतारी सदन की अध्यक्ष श्रीमती भारती सिन्हा, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष श्रीमती मीना पटेल, बसंत बोहरा, राजू पारख, वेदबती खुसरो, सत्यम अग्रवाल, सुनीता पटेल, राजेश्वरी सेन, लक्ष्मण सिन्हा, श्रवण मरकाम, कुलदीप मार्कण्डेय, रूपसिंह वर्मा, गजानंद साहू, भीखू साहू, झरना मिश्रा, राधा मरकाम, पार्वती वर्मा, नंदिता साहू, दुर्गा वैष्णव, लीला बघेल, उषा साहू, मंजू देवी, सकुन मंडावी, रूखमणी यादव सहित विभिन्न महिला समूहों की पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


