उपचुनाव 2026 : नगर पंचायत सहसपुर लोहारा अध्यक्ष पद के लिए भाजपा से दानी मिश्रा की दावेदारी तेज, समर्थकों में उत्साह

सहसपुर लोहारा। नगर पंचायत सहसपुर लोहारा में होने वाले अध्यक्ष पद के उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। कुछ माह पूर्व नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय संतोष मिश्रा के आकस्मिक निधन के बाद यह पद रिक्त हो गया था। अब उपचुनाव की प्रक्रिया शुरू होते ही संभावित प्रत्याशियों के नाम सामने आने लगे हैं। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी से सक्रिय कार्यकर्ता दानी मिश्रा की दावेदारी को लेकर नगर में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

 

बताया जा रहा है कि दानी मिश्रा ने भाजपा जिला अध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी से मुलाकात कर अपनी दावेदारी प्रस्तुत की है। इसके बाद से उनके समर्थकों और स्थानीय नागरिकों में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि लंबे समय से संगठन और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहने के कारण दानी मिश्रा की दावेदारी को मजबूत माना जा रहा है।

दानी मिश्रा नगर पंचायत सहसपुर लोहारा के निवासी हैं। उनके पिता स्वर्गीय गोविंद प्रसाद मिश्रा नगर के प्रतिष्ठित नागरिकों में गिने जाते थे। दानी मिश्रा ने अपनी प्रारंभिक एवं हायर सेकेंडरी शिक्षा लोहारा में ही प्राप्त की। उनका मुख्य व्यवसाय कृषि है, लेकिन छात्र जीवन से ही उनका झुकाव राजनीति और सामाजिक कार्यों की ओर रहा है।

जानकारी के अनुसार दानी मिश्रा ने छात्र राजनीति से अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की थी। छात्रसंघ पदाधिकारी के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने युवाओं और विद्यार्थियों से जुड़े कई मुद्दों को उठाया। इसके बाद उन्होंने भारतीय जनता युवा मोर्चा में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाईं। वे पूर्व में भाजयुमो मंडल महामंत्री, सोशल मीडिया प्रमुख तथा आत्मानंद स्कूल लोहारा के जनभागीदारी अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी कार्य कर चुके हैं।

सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भूमिका हमेशा चर्चा में रही है। नगर में आयोजित धार्मिक आयोजनों, सामाजिक कार्यक्रमों तथा विभिन्न उत्सवों में उनकी सहभागिता लगातार देखने को मिलती रही है। इसके अलावा जरूरतमंद और निर्धन लोगों की सहायता के लिए भी वे आगे रहते हैं। समर्थकों का कहना है कि दानी मिश्रा पिछले लगभग 25 वर्षों से लगातार सक्रिय राजनीति में कार्य कर रहे हैं और जनता के बीच उनकी अच्छी पकड़ है।

दानी मिश्रा की दावेदारी सामने आने के बाद युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों में उत्साह दिखाई दे रहा है। समर्थकों का मानना है कि संगठन में लंबे अनुभव और जनसंपर्क के कारण वे अध्यक्ष पद के लिए मजबूत चेहरा साबित हो सकते हैं।

हालांकि उपचुनाव की घोषणा के साथ ही आने वाले दिनों में अन्य दावेदारों के नाम भी सामने आने की संभावना जताई जा रही है। अब नगरवासियों की नजर इस बात पर टिकी हुई है कि भारतीय जनता पार्टी आखिर किसे अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित करती है। चुनावी माहौल के बीच सहसपुर लोहारा की राजनीति लगातार गर्माती नजर आ रही है।

About The Author

You may have missed

error: Content is protected !!