डोंगरिया में कुर्मी क्षत्रिय महासभा का भव्य आयोजन,मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दी करोड़ों के विकास कार्यों की सौगात, विधायक भावना बोहरा की मांगों पर हुई महत्वपूर्ण घोषणाएं…
पंडरिया। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम डोंगरिया में रविवार को धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और विकास का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अखिल भारतीय कुर्मी क्षत्रिय महासभा द्वारा आयोजित प्रदेश स्तरीय सम्मेलन एवं सम्मान समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर हजारों की संख्या में समाजजन, ग्रामीण और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया तथा क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई मांगें रखीं, जिन पर मुख्यमंत्री ने तत्काल सहमति देते हुए करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की घोषणा की।

कार्यक्रम की शुरुआत ग्राम डोंगरिया स्थित जलेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना और भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के साथ हुई। मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए मंदिर परिसर में आयोजित सम्मेलन में भाग लिया। इस दौरान विधायक भावना बोहरा की मांग पर मुख्यमंत्री ने जलेश्वर महादेव मंदिर के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए 50 लाख रुपये, डोंगरिया से खरहट्टा तक 2.5 किलोमीटर सीसी रोड निर्माण तथा छीरपानी जलाशय की नहर को ग्राम डोंगरिया तक विस्तारित करने की घोषणा की। इन घोषणाओं से क्षेत्रवासियों में भारी उत्साह देखने को मिला।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण एवं विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जलेश्वर महादेव मंदिर जैसे आस्था केंद्रों का विकास न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देगा, बल्कि इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कुर्मी क्षत्रिय समाज की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह समाज सदैव मेहनत, संगठन और राष्ट्र निर्माण की भावना के लिए जाना जाता है। कृषि, शिक्षा, प्रशासन, राजनीति, सेना और सामाजिक सेवा जैसे हर क्षेत्र में समाज ने अपनी प्रतिभा और परिश्रम का परिचय दिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में सांस्कृतिक विरासतों के संरक्षण और विकास का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार आस्था और विकास के समन्वय के माध्यम से एक सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में कार्य कर रही है।

विधायक भावना बोहरा ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के विकास के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि डोंगरिया क्षेत्र को मिली ये सौगातें क्षेत्र के विकास की नई दिशा तय करेंगी और वर्षों पुरानी मांगों को पूरा करेंगी। विधायक ने कहा कि मंदिर, तीर्थ और सांस्कृतिक धरोहरें केवल आस्था के केंद्र नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और सामाजिक एकता के प्रतीक हैं। भाजपा सरकार इन्हीं मूल्यों को संरक्षित और सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासतों के पुनर्जीवन का कार्य अभूतपूर्व गति से हुआ है। काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर, महाकाल लोक, अयोध्या में श्रीराम मंदिर और केदारनाथ धाम पुनर्निर्माण जैसे कार्य भारतीय संस्कृति के पुनर्जागरण के प्रतीक हैं। उसी प्रकार छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में धार्मिक स्थलों के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान समाज के प्रबुद्धजनों और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभावान व्यक्तियों का सम्मान भी किया गया। विधायक भावना बोहरा ने सम्मानितजनों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कुर्मी समाज आज देश और प्रदेश की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की कृषि व्यवस्था, ग्राम विकास और सामाजिक समरसता में कुर्मी समाज का विशेष योगदान रहा है। समाज की पारिवारिक एकता, संस्कार और सामाजिक चेतना आज भी प्रेरणादायी है।
विधायक ने कहा कि कुर्मी क्षत्रिय समाज को महात्मा ज्योतिबा फुले, सावित्रीबाई फुले, वल्लभभाई पटेल और छत्रपति शिवाजी महाराज जैसे महान व्यक्तित्वों की गौरवशाली विरासत प्राप्त हुई है, जिनके विचार समाज को आज भी प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह, अखिल भारतीय कुर्मी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सर्वेश कटारिया, प्रदेश अध्यक्ष चंद्रभूषण वर्मा सहित समाज के पदाधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


