छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा का निधन, प्रदेश में शोक की लहर….

रायपुर/बिलासपुर। छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता रूपनारायण सिन्हा का मंगलवार को निधन हो गया। वे 68 वर्ष के थे। उनके निधन की खबर सामने आते ही राजनीतिक, सामाजिक और योग जगत में शोक की लहर फैल गई। बताया जा रहा है कि बिलासपुर में आयोजित भाजपा के प्रशिक्षण महाअभियान कार्यक्रम के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।  

जानकारी के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी की बिलासपुर जिला इकाई द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के तहत दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में रूपनारायण सिन्हा प्रशिक्षण वर्ग प्रभारी के रूप में शामिल हुए थे। वे 24 मई को ही बिलासपुर पहुंच गए थे और लगातार सभी सत्रों में सक्रिय रूप से भाग ले रहे थे।  

बताया गया कि मंगलवार दोपहर प्रशिक्षण सत्र के दौरान अचानक उन्होंने सीने में दर्द और बेचैनी की शिकायत की। मौके पर मौजूद चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया और तत्काल बिलासपुर के सिम्स अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने लगभग तीन बजे उनके निधन की पुष्टि की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उनकी मृत्यु कार्डियक अरेस्ट से हुई है।  

रूपनारायण सिन्हा लंबे समय से भाजपा संगठन और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े हुए थे। वे योग, स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक गतिविधियों में लगातार सक्रिय भूमिका निभाते रहे। जनवरी 2025 में उन्हें छत्तीसगढ़ योग आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था तथा उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा भी प्राप्त था।  

उनके निधन से भाजपा संगठन को बड़ी क्षति मानी जा रही है। प्रदेश के कई वरिष्ठ नेताओं, सामाजिक संगठनों और कार्यकर्ताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है। सोशल मीडिया पर भी श्रद्धांजलियों का सिलसिला लगातार जारी है।  

इसी बीच उनका एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वे प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान सुबह योग सत्र का संचालन करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में उनकी सक्रियता और ऊर्जा को देखकर लोग भावुक हो रहे हैं।  

बताया जा रहा है कि उनके पार्थिव शरीर को पूरे सम्मान के साथ रायपुर स्थित शासकीय निवास ले जाया गया, जहां अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी। राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के अनेक लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।  

About The Author

You may have missed

error: Content is protected !!