पंडरिया में महिला मोर्चा का भव्य होली मिलन समारोह, विधायक भावना बोहरा ने दी एकता और सशक्तिकरण का संदेश…
पंडरिया (कबीरधाम)। रंगों के पावन पर्व होली के अवसर पर 2 मार्च को सामुदायिक भवन पंडरिया में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पंडरिया विधायक भावना बोहरा विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने महिला मोर्चा की बहनों के साथ गुलाल लगाकर होली का उत्सव मनाया और क्षेत्रवासियों को होली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने पारंपरिक गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ उत्साह और उल्लास का वातावरण निर्मित किया। पूरे समारोह में रंग, उमंग और आत्मीयता की झलक देखने को मिली।
एकता और महिला नेतृत्व का प्रतीक आयोजन
इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि महिला मोर्चा की बहनों द्वारा आयोजित यह होली मिलन समारोह सामूहिक एकता और संगठनात्मक शक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं अपने हुनर और कौशल के बल पर हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। पंडरिया विधानसभा में भी महिला नेतृत्व क्षेत्र की समृद्धि और खुशहाली के लिए संकल्पबद्ध है और इन संकल्पों को मूर्तरूप देने में सक्रिय सहभागिता निभा रहा है।

उन्होंने कहा कि डबल इंजन भाजपा सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है। ‘ड्रोन दीदी योजना’ और ‘महतारी वंदन योजना’ जैसी योजनाएं महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रही हैं। महिला सुपोषण, सुरक्षा, शिक्षा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाने का कार्य किया जा रहा है।
बेटियों की शिक्षा और आत्मनिर्भरता पर जोर
विधायक बोहरा ने कहा कि बेटियों की शिक्षा के लिए निःशुल्क बस सेवा और लक्ष्य कोचिंग जैसी पहल के माध्यम से उन्हें बेहतर अवसर प्रदान किए जा रहे हैं, ताकि वे अपने उज्ज्वल भविष्य की ओर आत्मविश्वास के साथ अग्रसर हो सकें। भारतीय जनता पार्टी सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के उद्देश्य से प्रत्येक वर्ग के उत्थान और अधोसंरचना विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

होली: सद्भाव और सत्य की जीत का पर्व
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि प्रेम, सद्भावना, एकता और भाईचारे का प्रतीक है। यह पर्व बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश देता है। होलिका दहन के अवसर पर भक्त प्रहलाद की अटूट आस्था और भक्ति को स्मरण किया जाता है, जो यह सिखाता है कि चाहे बुराई कितनी भी शक्तिशाली क्यों न हो, अंततः सत्य और विश्वास की ही विजय होती है।

उन्होंने क्षेत्रवासियों से आग्रह किया कि वे होलिका दहन के साथ अपने भीतर की नकारात्मकता और बुराइयों का त्याग कर अच्छाई और सच्चाई के मार्ग पर चलने का संकल्प लें तथा होली के पर्व को शांति, सौहार्द और उल्लास के साथ मनाएं।
प्रमुख पदाधिकारी रहीं उपस्थित
होली मिलन समारोह में महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष विजय लक्ष्मी तिवारी, जिला महामंत्री नीतू शर्मा, गौरी देवी साहू, नगर पालिका पंडरिया अध्यक्ष मंजुला देवी कुर्रे, जनपद पंचायत अध्यक्ष नंदिनी साहू, जनपद अध्यक्ष लोहारा दुर्गा सिंह, नगर पंचायत पांडातराई अध्यक्ष सरिता सोनी, नगर पंचायत इंदौरी अध्यक्ष मित्रीन बाई मांडले, जिला पंचायत सदस्य दीपा धुर्वे, राजकुमारी साहू, राजेश्वरी धृतलहरे, मंडल अध्यक्ष अंजू शर्मा, रेखा पनगर, मोंगरा साहू, पार्वती सुनहले, बबली साहू, मीना पटेल, पुष्पा साहू सहित महिला मोर्चा की पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम का समापन आपसी सौहार्द, रंगों की बौछार और होली की शुभकामनाओं के आदान-प्रदान के साथ हुआ। समारोह ने यह संदेश दिया कि महिला शक्ति संगठनात्मक मजबूती और सामाजिक समरसता की आधारशिला है।

