सहसपुर लोहारा में मकान सूचीकरण कार्य सटीक,उच्च अधिकारियों के निरीक्षण में डेटा प्रविष्टि मिली शत-प्रतिशत सटीक…
सहसपुर लोहारा। जनगणना-2027 के अंतर्गत नगर पंचायत सहसपुर लोहारा में मकान सूचीकरण का कार्य सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है। शासन के निर्देशानुसार चल रहे इस महत्वपूर्ण कार्य में कर्मचारियों एवं प्रगणकों द्वारा पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ घर-घर जाकर जानकारी संकलित की जा रही है।

इसी क्रम में गणना ब्लॉक क्रमांक-4 में नियुक्त प्रगणक एवं शिक्षक सुखीराम रजक द्वारा किए गए मकान सूचीकरण एवं डेटा प्रविष्टि कार्य का उच्च अधिकारियों की टीम ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर दर्ज आंकड़ों का रैंडम परीक्षण एवं गहन जांच की।
निरीक्षण दल में प्रशिक्षक मनहरण तुर्केले, सुपरवाइजर अशोक बोस्कर, जनगणना शाखा के लिपिक भगवान सिंह गौतम तथा नगर पंचायत कर्मचारी बोधनदास मानिकपुरी शामिल रहे। अधिकारियों ने सूचीकरण से संबंधित अभिलेखों, परिवार विवरण, मकानों की प्रविष्टियों एवं डिजिटल डेटा की बारीकी से जांच की।
गहन परीक्षण के पश्चात अधिकारियों ने प्रगणक सुखीराम रजक द्वारा दर्ज किए गए सभी आंकड़ों को सटीकता के मानकों पर शत-प्रतिशत सही पाया। निरीक्षण दल ने कार्य की गुणवत्ता, समयबद्धता एवं व्यवस्थित तरीके से किए गए सर्वेक्षण की प्रशंसा करते हुए इसे अन्य प्रगणकों के लिए प्रेरणादायक बताया।
प्रगणक सुखीराम रजक ने इस उपलब्धि का श्रेय नगर पंचायत सहसपुर लोहारा के चार्ज अधिकारी एवं सीएमओ तेजसिंह चंद्रवंशी, प्रशिक्षक मनहरण तुर्केले, रमेश मानिकपुरी तथा सुपरवाइजर अशोक बोरकर के कुशल मार्गदर्शन एवं सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों के निरंतर मार्गदर्शन एवं टीमवर्क के कारण ही कार्य को सफलतापूर्वक और त्रुटिरहित तरीके से पूरा किया जा सका।
नगर पंचायत क्षेत्र में चल रहे मकान सूचीकरण कार्य को लेकर प्रशासन लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है, ताकि आगामी जनगणना के लिए सही एवं प्रमाणिक आंकड़े उपलब्ध हो सकें। अधिकारियों ने सभी प्रगणकों से इसी प्रकार जिम्मेदारी एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करने की अपील की है।


