कृष्ण जन्माष्टमी पर युवा मित्र मंडल ने वृद्धजनों के साथ मनाया 14वां स्थापना दिवस, फल वितरण कर लिया आशीर्वाद…
कवर्धा। कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर युवा मित्र मंडल कबीरधाम छत्तीसगढ़ के युवा साथियों ने संगठन का 14वां स्थापना दिवस सेवा और सामाजिक सरोकार के साथ मनाया। इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता कवर्धा स्थित वृद्धा आश्रम पहुंचे और वहां निवासरत वृद्धजनों के साथ समय बिताया। युवाओं ने वृद्धजनों से आत्मीय संवाद कर उनके सुख-दुःख को साझा किया तथा फल वितरण कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

वृद्धजनों के साथ बिताया समय
स्थापना दिवस के अवसर पर युवा मित्र मंडल के सदस्यों ने वृद्धा आश्रम में पहुंचकर वृद्धजनों से मुलाकात की। युवाओं ने उनके साथ बातचीत की और उनके अनुभवों को सुना। इस दौरान फल एवं अन्य सामग्री का वितरण भी किया गया।
संगठन के सदस्यों ने कहा कि बुजुर्ग हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव और आशीर्वाद नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। स्थापना दिवस को केवल उत्सव के रूप में मनाने के बजाय वृद्धजनों के बीच पहुंचकर सेवा कार्य करना संगठन की सामाजिक जिम्मेदारी और संवेदनशीलता को दर्शाता है।
कुआंछारिया गांव से शुरू हुआ था सफर
युवा मित्र मंडल छत्तीसगढ़ के सदस्यों के अनुसार संगठन की शुरुआत करीब 14 वर्ष पहले कबीरधाम जिले के लोहारा विकासखंड के छोटे से गांव कुआंछारिया से हुई थी। कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित मेले में श्रद्धालुओं को पानी पिलाने की सेवा से संगठन के सामाजिक कार्यों का सफर शुरू हुआ था।

समय के साथ संगठन का यह कारवां आगे बढ़ता गया और आज छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में युवा मित्र मंडल के कार्यकर्ता सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों में अपनी सहभागिता निभा रहे हैं।
सनातन संस्कृति और सामाजिक सेवा को लेकर कार्य
संगठन से जुड़े पदाधिकारियों ने बताया कि युवा मित्र मंडल छत्तीसगढ़ अपने आदर्श के रूप में पीठाधीश्वर स्वामी निश्चलानंद सरस्वती महाराज को मानते हुए सनातन संस्कृति एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े विभिन्न विषयों पर कार्य कर रहा है।
संगठन द्वारा हिंदुत्व की विचारधारा, सनातन संस्कृति के संरक्षण, गौसेवा तथा ग्रामीण स्तर पर सांस्कृतिक एवं सामाजिक जागरूकता जैसे विषयों को लेकर गतिविधियां संचालित करने की बात कही गई। संगठन के युवा कार्यकर्ताओं का कहना है कि आने वाले समय में भी सेवा एवं सामाजिक गतिविधियों को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने का प्रयास जारी रहेगा।
स्थापना दिवस को बनाया सेवा और आशीर्वाद का अवसर
14वें स्थापना दिवस के अवसर पर वृद्धा आश्रम में आयोजित कार्यक्रम ने संगठन के स्थापना दिवस को सेवा भावना से जोड़ दिया। युवाओं ने वृद्धजनों के साथ कुछ समय बिताकर उन्हें अपनत्व का एहसास कराया और उनके स्वस्थ एवं सुखद जीवन की कामना की।
इस दौरान उपस्थित सदस्यों ने कहा कि समाज में युवाओं की भूमिका केवल अपने भविष्य तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि जरूरतमंदों और बुजुर्गों के प्रति जिम्मेदारी निभाना भी उनका दायित्व है। इसी भावना के साथ स्थापना दिवस पर वृद्धजनों के बीच पहुंचकर सेवा कार्य किया गया।
ये रहे प्रमुख रूप से मौजूद
आयोजन में प्रांत उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी राहुल चौरसिया, हनुमंत दल प्रांत अध्यक्ष हिंदू दुर्गेश देवांगन, जिला कार्यकारी अध्यक्ष सागर साहू, जिला उपाध्यक्ष रोहन चन्द्रवंशी, मंत्री अंकुश विश्वकर्मा, नगर अध्यक्ष पुरन पाली, हनुमंत दल सह संयोजक दीपक ठाकुर, गौ प्रमुख पुष्कर शुक्ला, मातृ शक्ति शीतल सोनी, जय श्री सोनी सहित ओंकार पटेल, चंद्रू चेलक, शुभम तिवारी, तरु शर्मा, अमन, देवेंद्र डग्गर, सूरज सौरा सहित बड़ी संख्या में युवा साथी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में संगठन के सदस्यों ने वृद्धजनों का आशीर्वाद प्राप्त किया और सामाजिक सेवा के कार्यों को आगे भी निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।

