सुशासन तिहार 2026: वनांचल में पहुँचा शासन, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने श्रमिकों संग किया भोजन, जन चौपाल में सुनीं समस्याएं,पढ़े पुरा समाचार..?

पंडरिया (कबीरधाम)। प्रदेश में सुशासन को जमीनी स्तर तक पहुँचाने के उद्देश्य से आयोजित सुशासन तिहार 2026 के तहत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का पंडरिया विधानसभा के वनांचल क्षेत्रों में दौरा बेहद महत्वपूर्ण और जनकेंद्रित पहल के रूप में सामने आया। मुख्यमंत्री ने ग्राम लोखान और कमराखोल पहुँचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया, उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही निराकरण के निर्देश दिए।

कार्यक्रम की शुरुआत कुई-कुकदुर हेलीपैड पर मुख्यमंत्री के भव्य स्वागत के साथ हुई, जहाँ पंडरिया विधायक भावना बोहरा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

श्रमिकों के साथ बैठकर किया भोजन, दिया अपनत्व का संदेश

वनांचल ग्राम लोखान में मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन पंचायत भवन का निरीक्षण करते हुए श्रमिकों से मुलाकात की और उनके साथ पारंपरिक अंगाकर रोटी एवं बोरे बासी का भोजन कर सादगी और संवेदनशीलता का संदेश दिया। मुख्यमंत्री का यह सहज व्यवहार ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।

पीएम आवास हितग्राहियों को कराया गृह प्रवेश

इस दौरान मुख्यमंत्री और विधायक भावना बोहरा ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित आवासों का लोकार्पण कर हितग्राहियों को गृह प्रवेश कराया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। साथ ही निर्माणाधीन मकानों का निरीक्षण कर गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

 

जन चौपाल में सुनीं समस्याएं, कई घोषणाएं

ग्राम कमराखोल में आयोजित जन चौपाल के दौरान मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और कई मामलों में तत्काल समाधान सुनिश्चित किया। उन्होंने क्षेत्र में महतारी सदन की स्थापना सहित विभिन्न विकास कार्यों की घोषणा भी की। इस दौरान स्व-सहायता समूहों की महिलाओं, “लखपति दीदी” और अन्य हितग्राहियों से संवाद कर योजनाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया।

“सेवा, सुशासन और जनविश्वास” का प्रतीक: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सुशासन तिहार 2026 राज्य सरकार की जनकेन्द्रित सोच और पारदर्शी कार्यप्रणाली का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल प्रशासनिक दक्षता को मजबूत कर रही है, बल्कि आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। उन्होंने इसे “सेवा, सुशासन और जनविश्वास” के मूल मंत्र को साकार करने वाला अभियान बताया।

विधायक भावना बोहरा ने जताया आभार

विधायक भावना बोहरा ने मुख्यमंत्री के दौरे को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जवाबदेही और जनसेवा का सशक्त संकल्प है। उन्होंने कहा कि सरकार गांव-गांव पहुँचकर समस्याओं का त्वरित समाधान कर रही है, जिससे जनता का विश्वास और मजबूत हुआ है।

वनांचल क्षेत्रों में विकास को मिली नई गति

उन्होंने बताया कि क्षेत्र में 171 किलोमीटर से अधिक सड़कों के निर्माण, पुल-पुलियों की स्वीकृति, 3500 नए पीएम आवास, जलाशय एवं नल-जल योजनाओं सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य जारी है। इसके अलावा 27 आंगनबाड़ी भवन, शासकीय महाविद्यालय भवन और बिजली विहीन गांवों में विद्युतीकरण जैसे कार्य भी तेजी से पूरे किए जा रहे हैं।

ग्रामीणों में उत्साह, सरकार के प्रति बढ़ा विश्वास

मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर वनांचल एवं आदिवासी क्षेत्रों के ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों ने अपनी समस्याएं खुलकर रखीं और मुख्यमंत्री ने भी उन्हें जल्द पूरा करने का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। यह आयोजन शासन और जनता के बीच सीधे संवाद का मजबूत माध्यम बनकर उभरा है, जो विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

About The Author

You may have missed

error: Content is protected !!