उप चुनाव 2026 : नगर पंचायत सहसपुर लोहारा के अध्यक्ष पद हेतु भाजपा से युवा चेहरा सौरभ श्रीवास्तव की प्रबल दावेदारी, नागरिकों में उत्साह,पढ़े पुरा समाचार…?

सहसपुर लोहारा। नगर पंचायत सहसपुर लोहारा में उप चुनाव 2026 को लेकर राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमा चुका है। कुछ माह पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष स्वर्गीय संतोष मिश्रा के आकस्मिक निधन के बाद अध्यक्ष पद रिक्त हो गया था, जिसके बाद अब उपचुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। नगर की गलियों, चौक-चौराहों और सामाजिक बैठकों में चुनावी चर्चाएं लगातार बढ़ रही हैं तथा नागरिकों के बीच नए अध्यक्ष को लेकर उत्सुकता साफ दिखाई दे रही है।

इसी बीच भारतीय जनता पार्टी से युवा एवं सक्रिय कार्यकर्ता सौरभ श्रीवास्तव का नाम अध्यक्ष पद की दावेदारी में प्रमुख रूप से सामने आ रहा है। नगर में उनके समर्थकों और युवाओं के बीच काफी उत्साह देखा जा रहा है। भाजपा संगठन में लंबे समय से सक्रिय रहने वाले सौरभ श्रीवास्तव को एक मजबूत युवा चेहरा माना जा रहा है।

सूत्रों से पता चला है कि सौरभ श्रीवास्तव भाजपा के विभिन्न  जनप्रतिनिधियों से मिलकर अपनी दावेदारी पेश की है.

लगभग 25 वर्षों से संगठन में सक्रिय

सौरभ श्रीवास्तव पिछले करीब 25 वर्षों से भारतीय जनता पार्टी एवं उससे जुड़े विभिन्न संगठनों में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। छात्र जीवन से ही उन्होंने सामाजिक एवं राजनीतिक गतिविधियों में भाग लेना प्रारंभ कर दिया था। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में रहते हुए उन्होंने नगर अध्यक्ष एवं ब्लॉक अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया।

बताया जाता है कि छात्र राजनीति के दौरान उन्होंने लोहारा कॉलेज भवन निर्माण को लेकर व्यापक प्रयास किए, जिसके परिणामस्वरूप शासकीय महाविद्यालय भवन ग्राम बिरनपुर कला में स्वीकृत हुआ। परिषद में रहते हुए उन्होंने संगठन को मजबूती देने के साथ कई निर्विरोध चुनाव कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

भाजपा एवं युवा मोर्चा में निभाए अहम दायित्व

साल 2010 के बाद से सौरभ श्रीवास्तव लगातार भारतीय जनता पार्टी के विभिन्न दायित्वों में सक्रिय रहे। वर्ष 2011-12 में वे भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रथम नगर अध्यक्ष बने। इसके बाद मंडल उपाध्यक्ष, भाजपा आईटी सेल में जिला सह-संयोजक, एनजीओ प्रकोष्ठ में सह-संयोजक तथा जिला स्किल डेवलपमेंट अथॉरिटी के सदस्य जैसे कई जिम्मेदार पदों पर कार्य किया।

इसके अलावा नगर पंचायत सहसपुर लोहारा में विधायक प्रतिनिधि के रूप में भी उन्होंने सक्रिय भूमिका निभाई। वर्तमान में उन्हें भाजपा संगठन द्वारा मंडल उपाध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया है। वहीं जिला प्रशिक्षण वर्ग में प्रदर्शनी प्रमुख के रूप में भी वे जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

चुनावी रणनीति में भी मिली सफलता

राजनीतिक जानकारों के अनुसार सौरभ श्रीवास्तव संगठनात्मक रणनीति में भी सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। नगर पंचायत सहसपुर लोहारा के 2025 चुनाव में उन्हें तीन वार्डों का प्रभार दिया गया था, जहां भाजपा समर्थित तीनों पार्षद विजयी हुए तथा अध्यक्ष पद के लिए भी भाजपा को बढ़त मिली।

इसी प्रकार जिला पंचायत चुनाव में राम्हेपुर सेक्टर प्रभारी रहते हुए उन्होंने पार्टी प्रत्याशी को बढ़त दिलाने में अहम भूमिका निभाई। पार्टी प्रशिक्षण वर्गों में भी वे लगातार सक्रिय रहे हैं तथा प्रांत, जिला और मंडल स्तर के प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग लेकर संगठनात्मक अनुभव प्राप्त किया है।

सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका

सौरभ श्रीवास्तव केवल राजनीति तक सीमित नहीं रहे बल्कि सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों में भी लगातार सक्रिय भूमिका निभाते आए हैं। नगर में पिछले दो दशकों से आयोजित गणेश उत्सव, दुर्गा उत्सव, लक्ष्मी उत्सव तथा विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

विशेष रूप से पिछले दो वर्षों में आयोजित महाकाल यात्रा और भगवान महाकाल बारात के भव्य आयोजन में उन्होंने युवाओं एवं महिलाओं की लगभग 100 सदस्यीय टीम के साथ सक्रिय सहभागिता निभाई। नगर में आयोजित तीन दिवसीय महाकाल बारात कार्यक्रम को सफल बनाने में उनकी भूमिका को लोग सराहते हैं।

 

इसके अलावा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एवं विश्व हिंदू परिषद के विभिन्न कार्यक्रमों में भी वे सक्रिय रूप से शामिल होते रहे हैं। वर्ष 2025 में अहिल्याबाई होल्कर जन्मशताब्दी कार्यक्रमों में स्कूल-कॉलेज स्तर पर सह-संयोजक की भूमिका भी उन्होंने निभाई।

सामाजिक सेवा के कार्यों से बनाई अलग पहचान

नगर में सामाजिक सेवा के क्षेत्र में भी सौरभ श्रीवास्तव की पहचान लगातार मजबूत हुई है। निर्धन एवं जरूरतमंद लोगों की सहायता, गौ सेवा, अस्पतालों में व्हीलचेयर एवं साल वितरण, युवाओं को खेल सामग्री उपलब्ध कराने जैसे कार्यों में वे सक्रिय रहे हैं।

जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ पुलिस भर्ती 2024-25 के दौरान उन्होंने युवाओं के लिए विशेष प्रयास करते हुए जनपद स्तर पर जम्पिंग पैड उपलब्ध करवाने में सहयोग किया। इसके साथ ही युवाओं को मार्गदर्शन एवं संसाधन उपलब्ध कराए गए, जिसके परिणामस्वरूप वर्तमान में उसी ग्राउंड से 11 युवाओं का पुलिस विभाग में चयन हुआ।

युवाओं में बढ़ता समर्थन

नगर में सौरभ श्रीवास्तव को लेकर युवाओं के बीच विशेष उत्साह देखा जा रहा है। समर्थकों का कहना है कि वे लंबे समय से जमीन स्तर पर कार्य कर रहे हैं तथा नगर के हर वर्ग से उनका जुड़ाव रहा है। युवाओं, महिलाओं एवं बुजुर्गों के बीच उनकी सक्रियता और सहज व्यवहार के कारण उनका समर्थन लगातार बढ़ता दिखाई दे रहा है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा यदि युवा चेहरे पर दांव खेलती है तो सौरभ श्रीवास्तव एक मजबूत विकल्प साबित हो सकते हैं। वर्ष 2014 में भी वे दावेदारी कर चुके हैं और तब से लगातार संगठन एवं समाज के बीच सक्रिय बने हुए हैं।

नगर में तेज हुई राजनीतिक चर्चाएं

सहसपुर लोहारा में उपचुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। नगर के गली-मोहल्लों, चौक-चौराहों और जनसभाओं में चुनाव को लेकर चर्चाएं तेज हैं। नागरिक अब नगर के विकास, नई योजनाओं और नेतृत्व को लेकर अपनी राय व्यक्त कर रहे हैं।

फिलहाल भाजपा की ओर से अधिकृत प्रत्याशी की घोषणा होना बाकी है, लेकिन सौरभ श्रीवास्तव की दावेदारी को मजबूत माना जा रहा है। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि पार्टी आगामी उपचुनाव के लिए किसे अपना अधिकृत उम्मीदवार घोषित करती है।

About The Author

You may have missed

error: Content is protected !!